देहरादून। चेंबर निर्माण से जुड़ी नीति में सरकार से सहयोग न मिलने पर वकीलों में नाराजगी बढ़ गई है। इसी के विरोध में सोमवार को हरिद्वार रोड स्थित कोर्ट परिषद के समीप वकीलों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। नाराज वकील सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
बार एसोसिएशन देहरादून ने पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की, तो वे चक्का जाम करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार आज सुबह वकीलों ने नए न्यायालय परिसर के बाहर हरिद्वार रोड पर चक्का जाम शुरू किया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने कहा कि सरकार वकीलों के चेंबर निर्माण को लेकर किसी भी नीति या योजना में सहयोग नहीं कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन के चलते हरिद्वार रोड पर ट्रैफिक प्रभावित रहा और राहगीरों को असुविधा का सामना करना पड़ा। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके।



