नैनीताल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन और चार नवंबर को नैनीताल के दौरे पर रहेंगी। उनके भ्रमण और प्रवास को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को लेकर पुख्ता इंतज़ाम कर लिए हैं। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में समूचे जिले में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया गया है।
एसएसपी ने बताया कि राष्ट्रपति के विश्राम के दौरान भी पुलिस बल पूर्ण सतर्कता में रहेगा। उन्होंने कहा कि “एक छोटी सी चूक राज्य की छवि को प्रभावित कर सकती है,” इसलिए सभी कर्मियों को उच्च स्तर की अनुशासन व सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित ब्रीफिंग में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने सभी राजपत्रित अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और बल के जवानों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।
इस दौरान एसपी अपराध एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने राष्ट्रपति के कार्यक्रमों से जुड़ी रूट व्यवस्था और फोर्स डिप्लॉयमेंट की विस्तृत जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक, पुलिस दूरसंचार रेवाधर मठपाल ने संचार व्यवस्था की तैयारियों के बारे में जानकारी साझा की।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) अभिसूचना उत्तराखंड करन सिंह नगनयाल, सेनानायक 31वीं वाहिनी पीएसी यशवंत सिंह, 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर के सेनानायक पंकज भट्ट, एसएसपी अल्मोड़ा देवेंद्र पींचा, एएसपी पिथौरागढ़ रेखा यादव, एसपी बागेश्वर चंद्रशेखर आर. घोड़के, एसपी चंपावत अजय गणपति कुंभार, एसपी हल्द्वानी हरीश वर्मा, एडीएम विवेक राय और एडीएस वित्त शैलेंद्र सिंह नेगी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



