दिल्ली में हुए बम धमाकों के बाद पूरे उत्तराखंड में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। राजधानी में धमाकों के बाद पुलिस मुख्यालय ने राज्यभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। इसी क्रम में श्रीनगर गढ़वाल में पुलिस प्रशासन ने बुधवार को फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति और सतर्कता बनाए रखने की अपील की।
फ्लैग मार्च नगर के प्रमुख मार्गों से निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस बल और अधिकारी शामिल रहे। पुलिस ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बस अड्डों और बाजारों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
एडीजी कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे सार्वजनिक स्थलों, धार्मिक स्थलों और बाजारों में विशेष निगरानी रखें। उन्होंने बताया कि धमाकों के बाद उत्तराखंड पुलिस लगातार दिल्ली पुलिस और यूपी एटीएस के संपर्क में है।
प्रदेश के सभी अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। विशेष रूप से हिमाचल और सहारनपुर बॉर्डर पर निगरानी कड़ी कर दी गई है, जबकि नेपाल सीमा पर एसएसबी के साथ मिलकर संयुक्त जांच की जा रही है।
एडीजी मुरुगेशन ने बताया कि अन्य सीमावर्ती राज्यों के पुलिस अधिकारियों से हर घंटे सूचनाओं का आदान-प्रदान किया जा रहा है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।



