Friday, March 6, 2026
Google search engine
Homeऊधमसिंहनगरमुख्यमंत्री धामी ने काशीपुर में राज्य स्तरीय शहरी विकास सम्मेलन का किया...

मुख्यमंत्री धामी ने काशीपुर में राज्य स्तरीय शहरी विकास सम्मेलन का किया उद्घाटन, कहा—“नगरों का विकास ही राज्य का विकास

काशीपुर— मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को काशीपुर स्थित एक होटल के सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय शहरी विकास सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सम्मेलन में प्रदेश के सभी नगर निकायों के मेयर, अध्यक्ष, नगर आयुक्त और अधिशासी अधिकारी शामिल हुए।

इस अवसर पर महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री धामी का स्वागत किया। कार्यक्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, संयोग चावला समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

महापौर दीपक बाली ने कहा कि उत्तराखंड की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने पर मनाई जा रही रजत जयंती हम सभी के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने निकायों की ओर से मांग रखी कि विद्युत विभाग निकाय की भूमि पर ट्रांसफार्मर लगाता है, लेकिन कोई भुगतान नहीं करता। ऐसे में जनता से वसूले जाने वाले बिजली बिल का दो प्रतिशत हिस्सा निकायों को दिया जाना चाहिए।

विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने कहा कि नगर प्रबंधन एक बड़ी जिम्मेदारी है। इस सम्मेलन का उद्देश्य अनुभवों का आदान-प्रदान और भविष्य की योजनाओं को दिशा देना है। उन्होंने कहा कि नगर सेवा कोई पद नहीं बल्कि जनसेवा की प्रतिज्ञा है। सभी को भ्रष्टाचार से दूर रहते हुए आधुनिक तकनीकों को अपनाना चाहिए, ताकि नगरों को स्वच्छ और सुरक्षित बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा गौरवशाली राज्य अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए 25 वर्ष पूर्ण करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि बार-बार आने वाली आपदाओं के कारण राज्य को नुकसान उठाना पड़ा, लेकिन नगर निकायों ने शहरों के विकास में अहम भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य गठन के समय जहां 63 स्थानीय निकाय और एक नगर निगम (देहरादून) था, वहीं आज 160 नगरीय निकाय और 11 नगर निगम हैं। इन वर्षों में न केवल शहरी ढांचे का विकास हुआ बल्कि रोजगार के अवसर भी सृजित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि पीएम आवास योजना के माध्यम से लोगों के पक्के घर का सपना साकार हुआ है। प्रत्येक नगर निकाय में ‘रजत जयंती पार्क’ बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 57 पार्कों को स्वीकृति मिल चुकी है। राज्य में स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को सशक्त करने के लिए विभिन्न योजनाएं लागू की जा रही हैं।

धामी ने बताया कि काशीपुर के चैती मंदिर को मानसखंड सर्किट में शामिल किया गया है और यहां के प्राचीन मंदिरों के पुनर्निर्माण पर कार्य चल रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में 1100 करोड़ की लागत से औद्योगिक पार्क और 100 करोड़ की लागत से एरोमा पार्क विकसित किए जा रहे हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार लव जिहाद, लैंड जिहाद और अवैध मदरसों पर सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सनातन धर्म को बदनाम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी नगर निकाय प्रतिनिधियों से राज्य के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया और कहा कि “नगरों का विकास ही राज्य और राष्ट्र का विकास है।” 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments