Friday, October 23, 2026
 dipr
Homeउत्तराखंडभव्य तरीके से सजेगा मुखवा
spot_img

भव्य तरीके से सजेगा मुखवा

 dipr

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शीतकालीन यात्रा के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर उत्तरकाशी जिले के हर्षिल-मुखवा क्षेत्र में तेजी से तैयारियां की जा रही है। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए इस क्षेत्र को सजाया-संवारा जा रहा है और युद्ध स्तर पर सड़कों व पार्किंग के निर्माण के साथ ही अन्य तैयारियों को अंजाम दिया जा रहा है।
हर्षिल स्थित सेना के हेलीपैड तक बनाई जा रही सड़क के फिनिशिंग का काम भी अंतिम चरण में है और आज प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर चल रही तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट आज अपने वाहन से ही इस हेलीपैड तक पहॅुंचे। सड़क न होने के कारण सेना के द्वारा संचालित इस हेलीपैड के लिए अभी तक पैदल ही आवागमन करना पड़ता था। सामरिक रूप से अत्यधिक महत्वपूर्ण सीमांत क्षेत्र के इस हेलीपैड के अब सड़क से जुड़ जाने के फलस्वरूप जहां सेना को काफी सहूलियत होगी वहीं अतिविशिष्ट-जनों का आवागमन भी सुविधाजनक हो जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे को देखते हुए गंगाजी के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखवा गांव में गंगा मंदिर की साज-सज्जा करने के साथ ही गांव के प्राचीन भवनों को संवारने का काम किया जा रहा है। मुखवा में मंदिर के पैदल मार्ग को नए सिरे से बनाने के साथ ही मंदिर के लिए सीढी का निर्माण कराया गया है। यह सभी काम अंतिम चरण में है।
प्रधानमंत्री यहां पर पूजा-अर्चना करने के बाद हिमालय और हर्षिल घाटी के मनोरम प्राकृतिक सौंदर्य का अवलोकन कर सकें, इसके लिए मंदिर परिसर में ही व्यू-प्वाइंट बनाया जा रहा है।
मुखवा तक सड़क मार्ग को सुधारने व सुरक्षित बनाने के लिए अनेक कार्य कराए जा रहे हैं और गांव में पार्किंग का निर्माण भी अंतिम चरण में है। जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने इन तमाम कार्यों का आज मौके पर जाकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को पूरी तत्परता व गुणवत्ता से सभी कार्य अविलंब पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पार्किंग स्थल पर स्मार्ट टॉयलेट बनाने के साथ ही पार्किंग की तरफ से मंदिर को जाने वाले पैदल मार्ग का सुधार किए जाने के भी निर्देश दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण करने के साथ ही गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल तथा सचिव सुरेश सेमवाल एवं पंडा-पुजारियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा व व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श किया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के आगमन पर मुखवा को भव्य तरीके से सजाया-संवारा जाएगा। मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री के स्वागत को लेकर मंदिर समिति व ग्रामीणों के द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि इस ऐतिहासिक मौके पर ग्रामीण प्रधानमंत्री के सम्मान में पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुति देने की तैयारी में भी जुटे हैं। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण को लेकर मुखवा गांव में उत्साह और उत्सव का माहौल है।

 

जिलाधिकारी ने हर्षिल में चल रहे कार्यों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह निरंतर यहीं कैंप कर सभी कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा करवाएं और निरंतर तैयारियों व व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहें।
जिलाधिकारी ने कहा कि उच्चाधिकारियों के द्वारा जल्द ही यहां आकर निरीक्षण किया जाएगा लिहाजा सभी काम एक सप्ताह के अंतर्गत पूरे कर लिए जांय। जिलाधिकारी ने हर्षिल में कार्यक्रम स्थल, सड़क, पार्किंग आदि के कार्यों का निरीक्षण करने के साथ ही इस क्षेत्र की विद्युत व पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, सफाई तथा टायलेट्स निर्माण के कार्यों का भी जायजा लिया और सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी भटवाड़ी मुकेश चंद रमोला एवं उप उपजिलाधिकारी पुरोला गोपाल सिंह चौहान तथा अधीक्षण अभियंता लोनिवि हरीश पांगती सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
 dipr

 dipr
video
play-sharp-fill
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments