उत्तराखंड में भले ही बारिश और बर्फबारी नहीं हो रही हो, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में पाले और मैदानी इलाकों में शीतलहर के कारण सूखी ठंड बढ़ती जा रही है। सुबह-शाम ठंड का असर तेज बना हुआ है, हालांकि दिन के समय खिल रही धूप से लोगों को कुछ राहत मिल रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज 13 जनवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहेगा। इस बीच देहरादून समेत छह जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को मैदानी जिले देहरादून, ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार के साथ ही नैनीताल, चंपावत और पौड़ी में कोहरा छाए रहने की संभावना जताई गई है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
आने वाले दिनों के मौसम की बात करें तो 16 जनवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहने के आसार हैं। वहीं 17 और 18 जनवरी को मौसम का मिजाज बदल सकता है। इन दिनों प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने कोहरे और ठंड को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।



